कुशीनगर : से सटे बिहार के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत नौरंगिया थाना क्षेत्र के भापसा नाला में मगरमच्छ के हमले का शिकार हुए किसान का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका।
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार नाला में तलाश अभियान चला रही है, लेकिन मंगलवार शाम तक सफलता हाथ नहीं लगी। भुलटोला सिरिसिया गांव निवासी 45 वर्षीय केदार बैठा रविवार शाम खेत में धान की सोहनी कर साथियों के साथ घर लौट रहे थे।
बेलहवा–सिरिसिया कच्ची सड़क के समीप भापसा नाला पार करते समय पानी में छिपे मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया।
साथ चल रहे ग्रामीणों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ देखते ही देखते उन्हें पानी में लेकर गायब हो गया। घटना के बाद से वन विभाग और नौरंगिया थाना पुलिस की टीम नाव के सहारे नाला में लगातार खोजबीन कर रही है।
हालांकि तीन दिन बीतने के बाद भी किसान का कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग भापसा नाला के आसपास जाने से बच रहे हैं।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही भापसा नाला में मौजूद मगरमच्छ को पकड़ने की मांग दोहराई है,
ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। मदनपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार खोज अभियान में जुटी हुई नाला में किसान की तलाश जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Author: theswordofindia
राष्ट्रीय सहारा हिंदी न्यूज़ एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां आपको लेटेस्ट न्यूज़, ब्रेकिंग अपडेट्स और न्यूज़ हेडलाइंस हिंदी में मिलती हैं। हमारा उद्देश्य है आपको तेज़, सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रदान करना।




