लखनऊ : गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नेशनल सिल्क एक्सपो इन दिनों शहरवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वीवर्स एंड हस्तकला डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में देशभर के बुनकर और हस्तशिल्प कारीगर अपने पारंपरिक उत्पादों के साथ शामिल हुए हैं।
छह दिवसीय इस एक्सपो में 150 से अधिक बुनकरों ने सिल्क साड़ियों, हैंडलूम कपड़ों और एथनिक कलेक्शन की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की है। रक्षाबंधन और आने वाले त्योहारों को देखते हुए ग्राहकों के लिए खास डिजाइन और नए फैशन कलेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रदर्शनी में बनारसी सिल्क, कांजीवरम, भागलपुरी, पैठणी, चंदेरी, महेश्वरी, तसर और मूंगा जैसी प्रसिद्ध सिल्क साड़ियों के साथ सूट, ड्रेस मटेरियल, फैशन ज्वेलरी, बैग और अन्य हस्तनिर्मित सामान भी लोगों को पसंद आ रहे हैं।

कई स्टॉलों पर ग्राहकों के लिए विशेष छूट भी दी जा रही है। आयोजकों के अनुसार, इस एक्सपो का उद्देश्य भारतीय बुनकरों और कारीगरों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना तथा देश की पारंपरिक हस्तकला को बढ़ावा देना है।
यहां लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न राज्यों की कला और बुनाई की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। नेशनल सिल्क एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। प्रवेश निःशुल्क है और डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
Author: theswordofindia
राष्ट्रीय सहारा हिंदी न्यूज़ एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां आपको लेटेस्ट न्यूज़, ब्रेकिंग अपडेट्स और न्यूज़ हेडलाइंस हिंदी में मिलती हैं। हमारा उद्देश्य है आपको तेज़, सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रदान करना।




