बलरामपुर : Pension बहाली समेत मांगों को लेकर शिक्षकों ने किया प्रदर्शन . पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने गुरुवार को डीआईओएस कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई और मुख्यमंत्री को संबोधित 21 सूत्रीय ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद को सौंपा।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शिक्षकों ने कहा कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
प्रदर्शनकारियों ने सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के राजकीयकरण, सेवा सुरक्षा बहाली और पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने को प्रमुख मुद्दा बनाया।
ज्ञापन में शिक्षा सेवा चयन आयोग से जुड़े प्रावधानों में संशोधन, रिक्त प्रधानाचार्य पदों पर भर्ती, वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों के लिए सेवा नियमावली और मानदेय, ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया को बेहतर बनाने सहित कई मांगें शामिल रहीं।

शिक्षकों ने एनपीएस अंशदान को जीपीएफ में शामिल करने, आउटसोर्सिंग नियुक्तियों पर रोक, महिला शिक्षकों के लिए विशेष अवकाश, दिव्यांग शिक्षकों को सुविधा और लंबित एरियर भुगतान की मांग भी रखी।
संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तार दिया जाएगा। धरने में जिला महामंत्री सुरेश कुमार समेत कई शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Author: theswordofindia
राष्ट्रीय सहारा हिंदी न्यूज़ एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां आपको लेटेस्ट न्यूज़, ब्रेकिंग अपडेट्स और न्यूज़ हेडलाइंस हिंदी में मिलती हैं। हमारा उद्देश्य है आपको तेज़, सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रदान करना।




